मध्यप्रदेश / कोरोना संक्रमितों का सर्वे कर रहे शिक्षक ने विकलांग को 50 रु. दिए तो लोग समझे संक्रमण फैला रहा, पीटने के लिए घेर लिया



इंदौर. कोरोना संक्रमितों का पता लगाने के लिए रामानंद नगर शिव मंदिर वाली गली में शनिवार दोपहर एक मुस्लिम शिक्षक अपनी साथी के साथ सर्वे कर रहा था। इस बीच उसे एक विकलांग युवक दिखा। उसे देख दयाभाव में शिक्षक ने उसे 50 का नोट दे दिया। यह देख मोहल्ले वालों ने उसे घेर लिया और मारपीट के लिए उतारू हो गए, तभी कुछ सज्जनों ने उस युवक से उसका परिचय पूछा। उसने बताया कि उसकी इस इलाके में सर्वे ड्यूटी लगी है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ उसे सर्वे करना है। इस पर दूसरी गली में घूम रही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बुलाया गया। उन्होंने उसे पहचानने से मना कर दिया। इस पर युवाओं का आक्रोश और बढ़ गया। वे उस पर हमला करने ही वाले थे कि कुछ समझदार लोगों ने उन्हें रोका और पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों को साथ ले गई। 
सर्वे में लगे शिक्षकों की जानकारी ही नहीं दी
चंदन नगर थाना प्रभारी योगेश सिंह तोमर ने बताया कि दोनों शिक्षक ही थे। उनकी ड्यूटी सर्वे में लगाई गई थी। इसकी जानकारी अफसरों ने रामानंद नगर में सर्वे कर रही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को नहीं दी। लोगों ने वहां घूम रहे शिक्षक और महिला को गलत समझा लिया। कुछ समझदार लोगों ने पुलिस को बुलाकर अच्छा किया। अब समझाया जा रहा है कि जो भी 
टीम सर्वे के लिए जाएगी वह एक साथ जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में आए दिन सर्वे टीम के सामने यह परेशानी आ रही है।